Welcome To ABRSM NEWS

 

निष्काम भाव से कार्य करें शिक्षक : प्रो. जे. पी. सिंघल

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ की ओर से कर्तव्य बोध दिवस मनाया 

सपने खुली आंखों से देखने चाहिए जिससे हम उन्हें पूरा कर सकें :  कुलपति प्रो. बंसल 

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थापना सप्ताह 2022 के अंतर्गत अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से संबद्ध हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ की ओर से ​कर्तव्य बोध दिवस मनाया गया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 125वीं जयंती पर 23 जनवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल शामिल हुए। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. जे. पी. सिंघल ने श्रोताओं का मार्गदर्शन किया।

कर्त्तव्य बोध दिवस पर शिक्षकों व शोधार्थियों को संबोधित करते हुए प्रो. बंसल ने कहा कि हमें स्वामी विवेकानंद व नेताजी सुभाष चंद्र बोस के व्यक्तित्व से निरंतर सीखने की ज़रूरत है। आज हम पराक्रम दिवस के रूप में मना रहे हैं। आजादी का अमृत महोत्सव का लक्ष्य तभी हासिल कर पाएंगे जब हम पूरी तरह से उस दिशा में कदम से कदम बढ़ा कर चलेंगे। उन्होंने बताया कि परिवार की अवधारणा भारतवर्ष की है जो हमें एक दूसरे से जोड़कर रखने में सहायक है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमें सपने खुली आंखों से देखने चाहिए जिससे हम उन्हें उस दिशा में चल कर पूरा कर सकें, तभी हमारा देश विश्वगुरू की राह पर तेजी से अग्रसर होगा। हमें कांटेक्ट बढ़ाने से ज्यादा आपस में कनेक्ट होने की ज़रूरत है। स्वामी विवेकानंद व नेताजी का चरित्र हमें यही प्रेरणा देता है।

कर्तव्यबोध को जागृत करें : प्रो. सिंघल

प्रो. जे. पी. सिंघल ने कर्तव्यबोध को जागृत कर शिक्षा के माध्यम से आचरण में लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि विचार से दुनिया चलती है और हमारा एक विचार यदि श्रेष्ठ है तो निश्चित रूप से वह प्रेरणा पुंज होगा। सभी शिक्षकों को समाज का शिक्षक बनकर निष्काम भाव से कार्य करते हुए बुद्ध बनना होगा। आत्म संयम, आत्मबल और स्वार्थ से दूर रहकर पुरुषार्थ के लिए काम करना ही हमारा धर्म है। शिक्षकों को कर्म भोगी के बजाय कर्म योगी बनना होगा तभी हमारे देश को विश्व गुरु के शिखर पर ले जाएंगे।

उन्होंने कई पौराणिक व समकालीन उदाहरणों से अपनी बात को रोचक रूप में रखा। संगठन की प्रस्तावना और स्वागत भाषण हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ के इकाई अध्यक्ष डॉ. खेम राज शर्मा ने रखा और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री डॉ. चंद्रदीप कवर ने किया। कार्यक्रम की सूत्रधार डॉ ज्योति पाराशर रही। कार्यक्रम में सौ से अधिक संख्या में शिक्षक व शोधार्थी शामिल हुए।

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय 20 जनवरी को अपना स्थापना दिवस मनाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष कुलपति प्रो. बंसल ने पूरे हफ्ते को स्थापना सप्ताह के रूप में मनाने की घोषणा की है। इस मौके पर विश्वविद्यालय में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Written by
No comments

LEAVE A COMMENT