Welcome To ABRSM NEWS

 

वक्त हमारा है, सपने भी हमारे हैं और पूरे भी हमें ही करने हैं- सीमा त्यागी

दिल्ली। अध्यापक परिषद के महिला संवर्ग द्वारा संगोष्ठी की श्रंखला में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ उपमा आर्य ने सरस्वती पूजा से किया। कार्यक्रम के आरम्भ में भारत रत्न डॉ भीमराव रामजी अंबेडकर को 132 वें जन्मदिन पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी। इस कार्यक्रम में राजकीय निकाय की महिला मंत्री सीमा त्यागी ने अपनी ओजस्वी वाणी से महिलाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए अपनी कार्यशैली में थोड़ा बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा में 50% से अधिक भागीदारी महिलाओं की है लेकिन हमारी अपनी समस्याओं पर अधिकारियों से बात करने पुरुष शिक्षक ही जाते हैं। दिल्ली अध्यापक परिषद के माध्यम से यह महिला संवर्ग इतना मजबूत बने कि अधिकारियों के समक्ष छात्राओं और शिक्षिकाओं की समस्या बिना झिझक के रख सकें। यह तभी संभव होगा जब हम अपने विद्यालय और परिवार के साथ पूर्ण कर्तव्य निभाते हुए सप्ताह में 1 घंटे आपस में मिलना प्रारंभ कर दें। उन्होंने बताया कि आपस में बातचीत करने से अधिकांश समस्याओं का हल मिल जाएगा। आज हमारा अस्तित्व इन छात्र-छात्राओं के माध्यम से ही है, यदि ये नहीं होंगे तो हम भी नहीं होंगे। हमें इन छात्र-छात्राओं की पारिवारिक स्थिति को ध्यान में रखकर

इनके संपूर्ण विकास की दिशा में कार्य करना चाहिए। हम सभी को टाइम मैनेजमेंट करना होगा। उन्होंने सभी से समय मांगते हुए एक संकल्प करवाया कि हम महीने में कुछ समय देश, समाज और संगठन के लिए अवश्य लगाएंगे। हमें अपने आपको पुरुषों से कमजोर नहीं मानना है लेकिन पुरुषों की बुराई भी नहीं करनी है। महिला और पुरुष दोनों बिना शर्त के मिलकर जब कार्य करते हैं तो घर परिवार के साथ स्वस्थ समाज का निर्माण होता है।

प्रदेश महिला प्रमुख डॉ सुदेश शर्मा ने अपने चिर परिचित अंदाज में गीत तथा मुक्तकों के माध्यम से सभी महिलाओं को अपनी भारतीय संस्कृति का वाहक बनने का आह्वान किया। उन्होंने अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा चलाए जा रहे इस महिला सहभागिता कार्यक्रम में सभी महिलाओं को अपने घर परिवार की सभी जिम्मेदारियों को निभाते हुए सामाजिक कार्य करने को प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज शर्मा ने प्राचीन काल से वर्तमान काल तक की महिलाओं के योगदान का उदाहरण देते हुए सभी महिलाओं से संगठन से जुड़कर कार्य करने को प्रेरित किया। प्रदेश महिला मंत्री इंदु राठी ने दिल्ली अध्यापक परिषद का परिचय देते हुए बताया कि परिषद अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की दिल्ली इकाई के रूप में कार्य करते हुए दिल्ली के सभी प्रकार के विद्यालयों में राष्ट्रहित, छात्रहित और शिक्षक हित में कार्य कर रही है।

Written by
No comments

LEAVE A COMMENT