दिल्ली अध्यापक परिषद द्वारा अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वावधान में परिषद के अध्यक्ष वेद प्रकाश के सानिध्य में सभी निकाय, जिला, जोन व प्रांत के मीडिया प्रभारी, प्रचार मंत्री एवं मीडिया टोली की एक बैठक इंटरनेशनल स्टूडेंट्स हाॅस्टल, दिल्ली विश्वविद्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अध्यापकों के विभिन्न वर्गों में सामाजिक समरसता एवं जागरूकता के प्रसार में मीडिया के उपयोग (प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया) की भूमिका तथा उपयोग आदि विषय पर व्यापक चर्चा हुई।
चर्चा का प्रारंभ परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी अजय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने आधुनिक परिवेश में समाज के अनेक ज्वलंत मुद्दों के परिप्रेक्ष्य में अध्यापकों की सकारात्मक एवं कारगर भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ कर कार्य करने के लिए कहा।
बैठक में सोशल मीडिया प्रभारी श्री रामेश्वर उपाध्याय ने समाज के विभिन्न वर्गो विशेष रूप से आधी आबादी से जुड़ने तथा उनमें समरसता स्थापित करने में सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग पर विस्तृत प्रकाश डाला। बैठक का समापन प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश के अत्यंत सारगर्भित एवं ओजस्वी उद्बोधन के साथ हुआ। अध्यक्ष ने सामाजिक बदलाव की इस बेला में अध्यापकों को प्राणपण से जुड़ कर बदलाव के साक्षी बनने हेतु प्रेरित किया। बैठक में जिला उत्तरी के अनिल कुमार शर्मा, पूर्वी के जी पी पाण्डेय, एन डी एम सी से श्रीमती मोनिका मीना तथा एम सी डी शाहदरा दक्षिणी से श्रीमती मोनिका शर्मा की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिन्होंने अपने विचारों से बैठक को जीवंतता प्रदान की।