मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की जबलपुर संभाग की बैठक
मंडला। हमें आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में मेरा विद्यालय, मेरा तीर्थ अभियान को हर तहसील के सभी स्कूलों में लागू करने के प्रयास करने है। यह अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की एक अनूठी योजना है।
यह विचार मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में आयोजित जबलपुर संभाग की बैठक में प्रदेश के संगठन मंत्री किशन लाल नाकड़ा ने व्यक्त किए। किशनलाल नाकड़ा के मुख्य आतिथ्य, संभाग अध्यक्ष असीम गौतम की अध्यक्षता, प्रांतीय उपाध्यक्ष द्वय नंदकुमार शुक्ला एवं अशोक दीक्षित,बीईओ शैलेन्द्र मालवीय के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित बैठक की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन एवं श्री मालवीयजी द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मंडला अध्यक्ष विवेक शुक्ला, राजीव वर्मा,प्रवीण बर्मा आदि द्वारा अतिथियों का तिलक, माला से सम्मान किया गया।
इस योजना के अंतर्गत हमें शिक्षक एवं विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति, नियमित कक्षाएं, विद्यार्थियों का हर तरह से सहयोग, पालकों से समन्वय ,कक्षाओं की स्वच्छता, बच्चों में प्रतिस्पर्धा का विकास और स्कूल के सभी तरह के विकास के लिए योजनाएं बनाने पूरा ध्यान देना होगा। हमें मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की 2022 की सदस्यता पर भी पूरा ध्यान देना है। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ प्रदेश का एकमात्र ऐसा संगठन है जिसकी वर्ष 2020 में अन्य संगठनों के मुकाबले सर्वाधिक 55 हजार के करीब सदस्यता रही है।
जिला पदाधिकारियों के सम्मान के बाद संभागीय सचिव आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव के द्वारा पिछली बैठकों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।उन्होंने बताया कि विगत 3 वर्षों में जबलपुर में संभागीय निर्वाचन के बाद पहली बैठक जून 2018 में मंडला में रखी गई। इसके बाद जुलाई2018 में जबलपुर में महाकौशल प्रांत स्तरीय शाश्वत जीवन मूल्य की कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी सिंघल ने अपना मार्गदर्शन दिया। इसी वर्ष नरसिंहपुर में बैठक रखी गई । वर्ष 2019 में पुनः मंडला सिवनी एवं जबलपुर में बैठकों का आयोजन किया गया। कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन के कारण 2020 में एक एवं 2021 में तीन ऑनलाइन बैठकें आयोजित की गई। इसके बाद जुलाई 2021 में डिंडोरी, नवम्वर में सिवनी तथा बर्ष 2022 में अप्रैल में खैरलांजी(बालाघाट) एवं मंडला में बैठकें आयोजित की गई। इन बैठकों में पारित सभी प्रस्तावों को प्रांत के समक्ष रखा गया। जबलपुर संभाग से पदोन्नति, 2008 के ईएल के आदेश में संशोधन,संवेदना अवकाश,राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को विशेष पदोन्नति या क्रमोन्नति,तृतीय क्रमोन्नति,कोरोना कॉल में ड्यूटी के दौरान मृत शिक्षकों को कोरोनायोध्दा घोषित करने, व्याख्याताओं को तृतीय वेतनमान आदि मुद्दों को प्रांत के समक्ष रखा गया है। बीच में संभाग अध्यक्ष असीम गौतम, उपाध्यक्ष विजय शुक्ला के नेतृत्व में संभागीय प्रतिनिधि मंडल ने जबलपुर में जेडी आफिस, ट्राईबल विभाग तथा कोष लेखा में कुछ समस्याओं पर अधिकारियों से मुलाकात की हैं।
सभी जिलों ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किए
इस बैठक में संभाग के सभी जिलों के अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित हुए और सभी जिलों ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किए। पदाधिकारियों द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग के 1974 के पेंशन नियम में संशोधन कर 40 साल की सेवा के बराबर ग्रेच्युटी प्रदान करने, 2008 के ईएल आदेश का निरस्तीकरण कर पुराने आदेशों की वापसी, पांचवी आठवीं के मूल्यांकनकर्ताओं को मानदेय,पदोन्नत माध्यमिक शिक्षकों तथा अतिशेष स्थानांतरित शिक्षकों को निकाय परिवर्तन के बाद नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता, ट्राईबल से एजुकेशन में अदला बदली पर नियुक्ति दिनांक से ही वरिष्ठता, नियुक्ति दिनांक से सभी शिक्षकों को पूर्ण वेतन, निजी व्यय पर प्रशिक्षित सभी शिक्षकों को अंतिम तिथि का बंधन समाप्त कर दो वेतन वृद्धि, जबलपुर कलेक्टर द्वारा छोटी-छोटी बातों पर शिक्षकों का निलंबन, शिक्षा विभाग के आदेशों का ट्राईबल में भी एक साथ क्रियान्वयन, शिक्षकों की समस्याओं के लिए सोशल मीडिया का समुचित उपयोग, सामूहिक बीमा की राशि 200 से बढाकर 500 किए जाने,सेवानिवृत्त शिक्षकों को सभी बित्तीय लाभ नियमित के साथ ही प्रदान करने, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा से शिक्षकों को जोड़ने आदि समस्याएं रखी गई। जिनके प्रस्ताव प्रांत को भेजे जाएंगे। प्रांतीय उपाध्यक्ष एनके शुक्ला एवं अशोक दीक्षित तथा संभाग अध्यक्ष असीम गौतम ने छिंदवाड़ा, बालाघाट जिलों को रिकॉर्ड सदस्यता करने के लिए बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधनों में कहा कि सभी जिला इकाइयां समय-समय पर अधिकारियों से मुलाकात करें या ज्ञापन दें। दीक्षित जी ने कहा भोपाल में हमें अबकी बार जबरदस्त आंदोलन के माध्यम से कुछ ना कुछ सफलता हासिल करनी ही है हालांकि ओपीएस,पदोन्नति के मामले शीघ्र हल होने की संभावना है।असीम गौतम ने कहा कि संगठन के प्रयासों से हम सम्मानजनक वेतन पा रहे हैं अब लक्ष्य भी हासिल करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई की समस्याओं का त्वरित समाधान भले ना हो पर धीरे-धीरे समस्याएं निराकृत होती जाएंगी।
बैठक में सभी जिलों की वर्ष 2021 की रसीद बंदियों का संकलन किया गया। जबलपुर संभाग के सभी प्रांतीय, संभागीय पदाधिकारियों के साथ जिला अध्यक्षों ने यह निर्णय भी लिया कि जबलपुर संभाग की बेहतरी के लिए सभी समन्वय से काम करेंगे।बैठक का संचालन संभागीय सचिव आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव व प्रवीण बर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन राजीव वर्मा ने किया।