शिमला, हिमाचल प्रदेश महाविद्यालय शैक्षिक संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महामंत्री डॉo हेमन्त शर्मा और कोषाध्यक्ष डॉo जय प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति महोदय डॉo ज्योति प्रकाश से मिला। जिसमें प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा 6मई को जारी अधिसूचना पर पुनः विचार करने के बारे मांग पत्र सौंपा गया। इस अधिसूचना के अंतर्गत महाविद्यालय स्तर पर हो रही बीए, बीएससी,बीकॉम और शास्त्री द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं का मूल्यांकन स्थानीय महाविद्यालय स्तर पर ही किया जाना है ।
डॉo हेमन्त शर्मा ने प्रति कुलपति से इस विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की और अवगत करवाया कि स्थानीय महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा ही अपने विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाना न्यायउचित नहीं है, जिससे कि परीक्षा प्रणाली और उसके मूल्यांकन की कोई गोपनीयता का प्रश्न नहीं रह जाता है। डॉo हेमन्त शर्मा ने प्रति कुलपति से आग्रह किया कि परीक्षाओं के मूल्यांकन के लिए उचित मूल्यांकन केन्द्रों की व्यवस्था की जाए, जिससे मूल्यांकन प्रणाली की गोपनीयता बनी रहे।साथ ही जो ऑनलाइन माध्यम से बीए, बीएससी,बीकॉम और शास्त्री परीक्षाओं का मूल्यांकन किया जाना है इस विषय को भी प्रमुखता से उठाया और प्रदेश के महाविद्यालयों की वास्तविक स्थिति से भी अवगत करवाया कि ऑनलाइन माध्यम से मूल्यांकन करवाने के लिए महाविद्यालय स्तर पर उचित व्यवस्थाओं का अभाव है और वर्तमान समय में इस तरह मूल्याकंन करना तर्कसंगत नहीं है। इन सभी विषयों पर पुनः विचार करने का आग्रह किया।वहीं प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉo ज्योति प्रकाश ने शैक्षिक संघ की मूल्यांकन से सम्बंधित महत्वपूर्ण मांगों पर विचार विमर्श करते हुए आश्वासन दिया कि इस पर पुनः विचार किया जाएगा और जो भी उचित संभव होगा उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।