रांची। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की झारखंड राज्य की प्रांतीय बैठक रांची विश्वविद्यालय स्थित एचआरडीसी के सभागार में संपन्न हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने की। इस मौके पर उच्च शिक्षा संवर्ग के राष्ट्रीय प्रभारी महेंद्र कुमार और राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर भी उपस्थित थे।
महेंद्र कपूर ने शिक्षा में बदलाव पर जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर चर्चा करते हुए कहा कि यह भारतीय शिक्षा नीति है। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार की सराहना भी की।
इसके पश्चात, सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के डॉ राजीव रंजन सिन्हा ने विश्वविद्यालय स्तर पर स्टेज टू और थ्री के 2008 के प्रमोशन के लिए फॉर्म भरे जाने की बात कही। साथ ही, पूरे राज्य में एकरूपता बनी रहे इस पर प्रकाश डाला।
विश्वविद्यालय संगठन मंत्री डॉ रणजीत कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय की सभी प्रकार की समस्याओं पर ध्यान आकर्षण कराया और कहा कि इन सब समस्याओं का निराकरण करने के लिए संघ सक्षम है। लेकिन उन्होंने संघ में सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर भी काफी जोर दिया।
मंच संचालक डॉ ब्रजेश कुमार ने जानकारी दी की 21 से 27 मई तक संगठन विस्तार के दृष्टिकोण से संगठनात्मक प्रवास होगा। जिसमें सर्वप्रथम बाबा नगरी देवघर में संगठन की बैठक होगी और इसमें सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के पदाधिकारियों मौजूद होंगे। इसके बाद 22 मई को बिनोद बिहारी महतो यूनिवर्सिटी, 23 मई को विनोबा भावे विश्वविद्यालय और 24 मई को रांची विश्वविद्यालय में संगठनात्मक संरचना पर चर्चा होगी।
बता दें, इस मौके पर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका से एबीआरएसएम की अध्यक्षा डॉ अंजनी शर्मा, महासचिव डॉ राजीव रंजन सिंहा, संगठन मंत्री डॉ रणजीत कुमार सिंह और सदस्य डॉ करुणा पंजियारा उपस्थित थे।