समस्तीपुर,राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ,बिहार के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक समस्तीपुर के काशीपुर स्थित राज लक्ष्मी गर्ल्स हाई स्कूल में आयोजित की गई। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में विशेष रुप से महेंद्र कपूर के साथ महासंघ के उच्च शिक्षा संवर्ग के राष्ट्रीय प्रभारी महेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रदेश कार्य समिति की इस बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ को बिहार में और अधिक सशक्त बनाने और उसे हर शिक्षक तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ देश का सबसे बड़ा शिक्षक संगठन है। 28 राज्यों में महासंघ के 10 लाख से अधिक सदस्य हैं। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करने के साथ-साथ महासंघ द्वारा राष्ट्र हित और समाज हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने बिहार में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्ष ,जिला मंत्री और प्रदेश कार्य समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ गहन विचार विमर्श किया।इस बैठक में आगामी सदस्यता अभियान सहित आने वाले तीन महीनों के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम तय किए गए। और कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें केवल शिक्षक शामिल हो सकते हैं।इसमे बिहार से शिक्षकों की अधिक से अधिक सहभागिता होनी चाहिये। इस पर भी व्यापक चर्चा बैठक में की गई।सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए कहा गया कि सदस्यता अभियान से पूर्व राज्य के जिन जिलों में पूर्ण इकाई गठित है, वहां जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक नई कार्यसमिति का गठन किया जाए। साथ ही राज्य के बचे हुए सभी शेष जिलों में सदस्यता अभियान से पूर्व संगठन का कार्य प्रारंभ किया जा सके, इसके लिये हम सभी को प्रयास करने की जरूरत है। सदस्यता अभियान के लिए एक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य को आगे करने की बात कही गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने बिहार के विभिन्न जिलों से आए संगठन पदाधिकारियों जिला अध्यक्षों आदि से संगठन के कार्य के लिये तन-मन-धन से जुट जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महासंघ राज्य में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करता रहा है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि समय-समय पर महासंघ के प्रतिनिधि शिक्षा विभाग के स्थानीय से लेकर जिला एवं राज्य स्तर के पदाधिकारियों से मिलकर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते रहेंगे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री पंकज कुमार ने किया। बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर एवं उच्च शिक्षा प्रभारी महेंद्र कुमार को मिथिला के पाग एवं अंग वस्त्र देकर पारंपरिक तरीके से जिला अध्यक्ष डॉ मिथिलेश कुमार एवं जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने स्वागत किया। बैठक में बिहार महासंघ प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
