मन्दसौर, म. प्र. शिक्षक संघ जिला शाखा मन्दसौर द्वारा स्वराज्य का अमृत महोत्सव व म. प्र. शिक्षक संघ के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दिनाँक 15 मई 2022 को सांय 4 बजे नूतन विद्यालय हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस अवसर पर सभी आगुन्तको का चंदन टीका व मौली बांधकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, दिल्ली के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हिम्मतसिंह जैन, मुख्य अतिथि मन्दसौर के लोकप्रिय विधायक व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता यशपालसिंह सिसौदिया, विशेष अतिथि प्रांतीय उपाध्यक्ष अखिलेश मेहता, प्रांतीय सचिव म.प्र. शिक्षक संघ कुसुम शर्मा और श्यामसुंदर देशमुख, जिला संयोजक भारतीय शिक्षण मंडल ने की। कार्यक्रम के प्रारम्भ में मां सरस्वती की पूजा कर माल्यार्पण किया। सरस्वती वंदना कैलाशचंद्र शर्मा ने और अतिथि परिचय श्यामसुंदर देशमुख द्वारा कराया गया। स्वागत भाषण प्रांतीय उपाध्यक्ष अखिलेश मेहता द्वारा प्रस्तुत किया गया। आपने आगुंतुक अतिथियों, शिक्षकों को आज के कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्तिथि के लिए आभार प्रकट करते हुए वर्ष भर संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए संघ के कर्तव्य बोध, स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव एवं संघ की स्थापना के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के स्वरूप पर प्रकाश डाला । अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए हिम्मतसिंह जैन द्वारा संगठन की बारे में विस्तार से वर्णन किया।
हिम्मतसिंह द्वारा बड़े ही जोश के साथ ओपीएस की मांग करते हुए विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पंहुचाने हेतु दो सुझाव दिए जिनमें एक तो सम्मान के साथ ओपीएस लागू किया जाए , नहीं तो सभी शिक्षक साथी एक बड़ा आंदोलन करके पुरानी पेंशन लेकर ही रहेंगें। शिक्षको का जो समाज मे सम्मान कम हुआ है उसे सम्मानजनक पेंशन लागू करके बढ़ाया जा सकता है।
विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने भी संगठन की महत्व को समझाते हुए संदेश दिया कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ही ऐसा संगठन है जो अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा हेऔर कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी से इसके लिए जरूर बात की जाएगी साथ ही मैं भी पुरानी पेंशन बहाली के पक्ष में हूं। विधायक ने यह बात भी कही कि आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है यदि शिक्षक संबंधित कोई भी समस्या हो तो मुझे लिखित में दीजिए, मैं विधानसभा में इस बात को उठाऊंगा और उसका समाधान भी कराऊंगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला इकाई द्वारा भारतीय नववर्ष पर आधारित वार्षिक केलेंडर का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। आभार जिलाध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सचिव शंकरलाल आंजना द्वारा किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक साथी , मातृशक्ति व भगिनि उपस्थित रहे।