भोपाल, इंडिया से भारत की ओर विषय पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला भोपाल द्वारा स्वाधीनता का अमृत महोत्सव अंतर्गत जिला स्तरीय व्याख्यान स्थानीय शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल में संपन्न हुआ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार एवं मुख्य वक्ता भोपाल के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डाॅ. राजेश सेठी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री छत्रवीर सिंह राठौड़ एवं प्रांत सह संगठन मंत्री बृजमोहन आचार्य ने की। कार्यक्रम में माननीय शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं राजेश सेठी ने स्वतंत्रता के अमर बलिदानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखते हुए डॉ. सेठी ने कहा कि भारत का गौरवशाली अतीत एवं उसकी समृद्ध परंपरा तथा विश्व स्तर पर भारतीय संस्कृति का संचार एवं योगदान उल्लेखनीय है। जिसमें चिकित्सा का क्षेत्र हो, कृषि का क्षेत्र हो, आर्थिक व्यवस्थाएं , उद्योग और यहां के वैज्ञानिकों के अनुसंधान संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणादाई है। उन्होंने कहा कि 11 सितंबर 1893 को स्वामी विवेकानंद जी के विचार ही भारत के विचार है। भाइयों बहनों का संबोधन उनकी अंतरात्मा से विश्व बंधुत्व की भावना को साकार करता हुआ भारतीय संस्कृति का दर्शन था। इसलिए “इंडिया दैट इस भारत” की आवश्यकता नहीं थी। भारत तो भारत है।
मुख्य अतिथि माननीय इंदर सिंह परमार शिक्षा मंत्री ने कहा कि 2047 का भारत ही मध्य प्रदेश शिक्षक संघ का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सिकंदर विश्व विजेता कभी नहीं रहा। गलत विमर्श एवं इतिहास पढ़ाए जाने के कारण समाज भ्रमित रहा है। वह तो चंद्रगुप्त की सेनाओं से पराजित हुआ था। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से जिसमें लचीलापन भी है और भारत केंद्रित शिक्षा व पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षित करने एवं छात्रों को संस्कारित वातावरण देकर एक सुयोग नागरिक बना कर राष्ट्रभक्ति संस्कृति एवं भाषा के प्रति लगाव महान भारत बनाने का, समरस भारत बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश महामंत्री छत्र वीर सिंह राठौर ने इंडिया एवं भारत को संस्कृत के श्लोक बोलकर भारत के नाम को परिभाषित किया तथा वर्तमान पीढ़ी में सामाजिक संवेदना शिक्षकों में भारतीयता के संस्कार व वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को संवारने, निर्माण करने में भारतीय ज्ञान परंपरा के आधार पर हम सही समय एवं सत्य से अवगत हो सकेंगे।
विशेष अतिथि ब्रजमोहन आचार्य ने बताया कि संपूर्ण देश व प्रदेश में संगठन के द्वारा दो लाख से अधिक विद्यालयों में भारत माता वंदन अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य प्राप्त किया। कार्यक्रम में शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं श्लोक वाचन से प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य सुधाकर पाराशर को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने पर शिक्षक संघ के इस कार्यक्रम में माननीय शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार एवं डॉ. राजेश सेठी ने सम्मानित किया। पूरा सभा कक्ष उत्साहित होकर तालियों की गड़गड़ाहट से भर गया। कार्यक्रम में कालिदास समारोह से पुरस्कृत नाटक का प्रस्तुतीकरण उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा किया गया, जो अति प्रशंसनीय एवं सराहनीय प्रयत्न का परिणाम था। प्रस्तुति से सभाकक्ष में संगीत का समा बंध गया। कार्यक्रम के अंत में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला इकाई भोपाल की अध्यक्ष डॉ सीमा गुप्ता द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में सचिव देवेंद्र पचौरी, कोषाध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, संयोजक देवीदयाल भारती, संभागीय सचिव गोविंद गुप्ता एवं समस्त इकाइयों के सम्मानीय सदस्यों के सहयोग सराहनीय रहा। विद्यालय परिवार के सहयोग से ही यह कार्यक्रम अपनी भव्यता को प्राप्त कर सका। कार्यक्रम मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला भोपाल का अनूठा एवं समाज के लिए प्रेरणादायी रहा ।

+