इंदौर, अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला इंदौर की जिला स्तरीय आयोजन समिति की बैठक ग्लोरियस पब्लिक हाईस्कूल, इंदौर में सम्पन्न हुई । बैठक में मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष लछीरामजी इंगले , प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता तथा इंदौर संभाग के सचिव प्रभाकर निवडुंगे का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक के आरम्भ में वंदना दुबे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष लछीरामजी इंगले ने अपने संबोधन में स्वतन्त्रता के अमृत महोत्सव विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हमें इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन शालाओं में किस प्रकार करना है। सर्वप्रथम शाला प्रमुख एवं स्टाॅफ से संपर्क कर 1 अगस्त के कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा बताकर प्रत्येक शाला में कार्यक्रम प्रमुख तय करें। कार्यक्रम के अंतर्गत आरंभ में तिरंगा ध्वज और छोटे ध्वजों के साथ रैली, सरस्वती वंदना, सरस्वती पूजन, भारतमाता के चित्र का पूजन, अतिथि परिचय एवं स्वागत, वन्दे-मातरम् गीत स्थानीय भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम मे सेनानियों के योगदान पर उद्बोधन, भारत माता की आरती, प्रसाद वितरण आदि का आयोजन किया जाए। कार्यक्रम मे जनसामान्य के साथ ही समाचार माध्यमों के पत्रकारों भागीदारी के साथ कार्यक्रम को भी आमंत्रित कर कार्यक्रम का प्रचार किया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया का भी उपयोग अवश्य करना चाहिए।
प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने भी 1 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों व संकुल प्राचार्यों से सम्पर्क कर कार्यक्रम की रुपरेखा बनाने व दिये गये लक्ष्य अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने के बारे मे बिन्दुवार जानकारी दी। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष प्रभाकर निवडुंगे तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा पूर्व बीईओ भेरूलाल पाटीदार ने कार्यक्रम के साथ ही संगठन को भी दृढ़ बनाने की बात कही। बैठक में सर्वश्री हुकुमचंद कांवर, लोकेंद्रसिंह उमठ, राजेश राठौर, राकेश पाटीदार, विजेश पटेल, राजेंद्र खामोद, श्रीमती वंदना दुबे, रजनी पाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन इंदौर जिला सह संयोजक हेमराज पटेल ने तथा आभार प्रदर्शन इंदौर जिला संयोजक राजेन्द्रसिंह यादव ने किया।