दिल्ली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर पुरानी सीमापुरी हिंदी विद्यालय में कर्तव्य बोध दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षाविद रोहित गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही, पुरानी सीमापुरी हिंदी प्रथम विद्यालय की प्रधानाचार्या रीता शर्मा भी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में संचालक कुलदीप ने कर्तव्य बोध दिवस के महत्व, एबीआरएसएम, दिल्ली अध्यापक परिषद के सिद्धांत, वैचारिक और शैक्षिक दृष्टिकोण के प्रति शिक्षकगण को अवगत कराया।
इसके उपरांत, कार्यक्रम के मुख्य अथितियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। अपने वक्तव्य में रोहित गुप्ता ने अपनी जोशपूर्ण एवं बुलंद आवाज में शिक्षक बंधु, भगिनियों को संबोधित किया। उन्होंने कर्तव्य बोध दिवस के आयोजन के उद्देश्यों और इसके महत्व पर बात की। उन्होंने अपने ओजस्वी शब्दों से भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं, प्राचीन समाज में व्याप्त शिक्षा प्रणाली, हमारे महान संतों का समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान आदि पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षक के मूल कर्तव्यों को रेखांकित करते हुए विभिन्न प्रसंगों एवं स्वामी विवेकानंद जी द्वारा स्थापित महान मूल्यों पर चिंतनशील वक्तव्य दिया।
बता दें, कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिल कुमार गोयल के द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप कुमार (मंत्री, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र) के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के प्रबंधक के रूप में विकास (संगठन मंत्री, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र) ने अपना दायित्व भलीभांति निभाया।