हिमाचल। बिलासपुर जिले के घुमारवी में हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ का दो दिवसीय कार्यकर्ता अभ्यास वार्ड आयोजित किया गया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से इसकी प्रेरणा ली गई। कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में राष्ट्रीयता और समरसता का भाव जागृत करना ही शिक्षा का मूल उद्देश्य है। इसमें शिक्षा एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रांत मीडिया प्रमुख शशि शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में अलग अलग प्रांत और जिलों से लगभग 60 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय राष्ट्रीय सचिव माध्यमिक संवर्ग पवन मिश्रा, प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार, प्रांत संगठन मंत्री विनोद सूद एवं प्रांत महामंत्री डॉक्टर माम राज पुंडीर समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अभ्यास वर्ग के प्रथम सत्र में अभ्यास वर्ग का महत्व विषय पर पवन मिश्रा द्वारा मार्गदर्शन किया गया।
द्वितीय सत्र में संगठन परिचय पर डॉक्टर माम राज पुंडीर ने कार्यकर्ताओं को विस्तार से जानकारी दी।
तृतीय सत्र में कार्यकर्ता विषय पर विनोद सूद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
चतुर्थ सत्र में अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेन्द्र कपूर ने संगठन की कार्य पद्धति पर अपना उद्बोधन चर्चा के साथ रखा।उन्होंने बताया कि संगठन दायित्व पद्धति पर कार्य करता है। राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक और शिक्षक हित में समाज के ध्येय को लेकर चलने वाला अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एक पारिवारिक संगठन है। इसमें सामूहिक निर्णय की प्रक्रिया पर कार्य होता है।
पंचम सत्र में प्रांत उपाध्यक्ष प्राथमिक संवर्ग हेमराज ने प्रवास विषय पर अपने विचार रखे।
षष्टम सत्र में प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार ने आगामी वर्ष हेतु वार्षिक योजना प्रस्तुत की।उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ द्वारा 12 जनवरी से 23 जनवरी,2023 तक पूरे प्रांत,जिला,खण्ड एवं मंडल स्तर पर कर्तव्य बोध के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
फरवरी माह में वार्षिक योजना बैठक, मार्च में नव वर्ष शुभेच्छा कार्यक्रम, अप्रैल-मई में सदस्यता अभियान, जून में विभागश: अभ्यास वर्ग, जुलाई में गुरु वंदन कार्यक्रम, अगस्त में प्रांत मीडिया बैठक,सितम्बर में प्रांत अभ्यास वर्ग, अक्तूबर-नवंबर में शाश्वत मूल्य कार्यक्रम और दिसंबर माह में प्रांत अभ्यास वर्ग एवं प्रांत कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया जाएगा।
सप्तम सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिमाचल प्रांत के प्रांत कार्यवाह किस्मत कुमार ने वैचारिक सत्र लिया।उन्होंने आह्वान किया कि भारत की स्वतंत्रता के अमृत काल में देश के प्रत्येक शिक्षक को अपनी आध्यात्मिक,सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए नई पीढ़ी के मार्गदर्शन हेतु प्रयास करना होगा।
अभ्यास वर्ग के अष्टम सत्र को अखिल भारतीय सचिव पवन मिश्रा ने संबोधित किया।संगठन की रीति,नीति एवं ध्येय पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने आह्वान किया कि हर विद्यालय तक पहुंचना संगठन का उद्देश्य है।
इस कार्यक्रम के साथ ही हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश व जिला स्तर के सभी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें विशेष रूप से जिलेवार वृत प्रस्तुत किया गया और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार किया गया।शिक्षा और शिक्षकों सहित गैर शिक्षक समस्याओं को लेकर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया जिसमें सभी वर्गों से संबंधित समस्याओं का संकलन कर एक विस्तृत आग्रह पत्र तैयार किया गया। आग्रह पत्र केन्द्र सरकार, प्रदेश सरकार, शासन और प्रशासन को प्रेषित किया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेन्द्र कपूर का मार्गदर्शन रहा। अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन एवं कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।