Welcome To ABRSM NEWS

 

IITE द्वारा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुजरात की राज्य कारोबारी बैठक गांधीनगर में हुई संपन्न

गांधीनगर। इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन द्वारा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुजरात की माध्यमिक व प्राथमिक संवर्ग की राज्य कारोबारी बैठक का आयोजन हुआ। यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष भीखाभाई पटेल की अध्यक्षता और अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री महेंद्र कपूर की उपस्थिति में संपन्न हुई। वहीं, इस मौके पर राज्य कारोबारी में गुजरात राज्य के प्रभारी और अखिल भारतीय माध्यमिक संवर्ग उपाध्यक्ष मोहनजी पुरोहित भी उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन की विशेषता अनुसार सभी सदस्य और पदाधिकारियों को समाज, शिक्षा और छात्र के उत्थान के लिए तत्पर होना चाहिए। वहीं मोहनजी पुरोहित ने मंडल रचना को जून माह तक 100 प्रतिशत पूर्ण कर नवंबर तक मंडल कक्षा के कार्य शिविर पूर्ण करने के निर्देश दिए। संगठन मंत्री सरदार सिंह ने कर्तव्य बोध एवं सदस्यता अभियान का संकल्प लिया। अध्यक्ष भीखाभाई पटेल ने आश्वस्त किया कि शिक्षकों की समस्याओं को उचित समय पर हल किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार के साथ संपर्क में रहना होगा। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं महामंत्री मितषभाई भट्ट ने वाराणसी में हुई अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक में दी गई सूचना को प्रांत एवं जिला पदाधिकारीओ को प्रदान की। इसके साथ एकम कसौटी सर्वे के 70 हजार से भी ज्यादा शिक्षक, एजुकेशनालिस्ट, छात्र एवं नागरिकों से मिले फीडबैक को एनालिसिस कर प्रेजेंटेशन दिया गया। बैठक में ज्ञान शक्ति एवं ज्ञान सेतु स्कूल से ग्रांटेड और अन्य सरकारी स्कूलों को होने वाले नुकसान का संज्ञान लेते हुए, इस विषय पर अध्ययन घट बनाकर सरकार को इस प्रोजेक्ट से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में बताने का निर्णय भी हुआ।

बता दें, राज्य कारोबारी की बैठक में गुजरात के 33 जिलों और 6 महानगरों से 250 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता, मातृशक्ति जिला सम्मेलन, शैक्षिक मंथन लवाजम, संगठन के मूल्यवर्धक व सांस्कृतिक उत्थान के नियमित कार्यक्रम कर्तव्य बोध, गुरु वंदन, वर्ष प्रतिपदा जैसे कार्यक्रम, मंडल रचना, अखिल भारतीय कार्यकारिणी में रखे गए प्रस्ताव, सूचना एवं आगामी कार्यक्रमों के बारे में अखिल भारतीय अधिकारियों को मार्गदर्शन मिला।

Written by
No comments

LEAVE A COMMENT