कच्छ, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ गुजरात महिला संवर्ग की ऑनलाइन बैठक गुजरात राज्य महिला संवर्ग की उपाध्यक्ष पल्लवी बेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत पाटन की महिला उपाध्यक्ष अवनी बहन ने सरस्वती वंदना से की। बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के माध्यमिक संवर्ग के महामंत्री मोहनजी पुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मोहनजी पुरोहित ने ‘मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ ‘योजना का विस्तृत मार्गदर्शन और गुजरात में इस योजना के विधिवत प्रारंभ की उद्घोषणा की। मोहनजी ने बताया कि यदि हर एक शिक्षक के मन में हमारा विद्यालय हमारे लिए तीर्थ है, यह भाव जागृत हो जाए तो सरकारी विद्यालय सच में राष्ट्र निर्माण में बहुत बड़ा योगदान देंगे और यह कार्य हम सभी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जो 9 बिंदु बताए गए थे उसी के आधार पर करना है ।
गुजरात महासंघ की अपनी दो योजना जिसमें पहली है ‘दत्तक दीकरी योजना’ और दूसरी ‘मातृशक्ति वंदना कार्यक्रम’ कार्यक्रमों के प्रारंभ की भी विधिवत उद्घोषणा मोहनजी ने की। उन्होंने बताया कि मनुष्य जन्म हमें मिला है वह बहुत दुर्लभ है। हम धरती पर आए हैं तो नेक काम करके मोक्ष प्राप्ति के मार्ग पर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि कैसे हम गोपनीय तरीके से गरीब बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा मां, बच्चों को ढूंढ कर यशोदा मां की तरह उनका पालन पोषण करना है,भारत मां के हर एक बच्चे को, उसका जो हक है, वह देना है।प्यार और संस्कार के अभाव में जो बेटा या बेटियां कहीं भटक जाते हैं, उन्हें हमें अपने प्यार और संस्कार से सिंचित करके भारत मां के चरणों में सुसंस्कारित नागरिक बनाना है। जिससे राष्ट्र निर्माण संभव है।
गुजरात राज्य की दूसरी बहुत ही सुंदर योजना ‘मातृशक्ति वंदना कार्यक्रम’ की भी घोषणा की। मोहनजी ने बताया की 8 मार्च विश्व महिला दिवस के संदर्भ में 1 मार्च से 7 मार्च तक महिला सप्ताह का आयोजन करके और आठ मार्च के दिन शिक्षण और अन्य क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान करके हमें हमारी मातृ शक्ति का सम्मान करना है । मातृशक्ति सप्ताह के दौरान हमारे शिक्षक भाई-बहन गांव की बेटियों को रोजगार देने के लिए प्रशिक्षित करेंगे आवश्यकतानुसार एनजीओ की भी मदद लेंगे। विधवा बहनों को विधवा सहाय योजना ,अनाथ बच्चों को पालक माता-पिता योजना और गांव के वृद्ध बंधुओं को वृद्धावस्था पेंशन के बारे मे सहाय प्राप्त करने के लिए मदद करेंगे। हमारी बेटियों और महिलाओं को स्वास्थ्य के बारे में जागृत करने के लिए सेमिनार आयोजित करेंगे। आठ मार्च को विश्व महिला दिवस को जिले की की सारी महिलाओं जिन्होंने अपने क्षेत्र में बहुत ही बढ़िया योगदान दिया है ,उन्हें ढूंढ कर उनका सम्मान कार्यक्रम का आयोजन गुजरात राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा होगा।
बैठक में गुजरात राज्य महिला संवर्ग की राज्य कार्यकारिणी से महिला मंत्री हेमांगी पटेल, नगर प्राथमिक संवर्ग की महिला उपाध्यक्ष अक्षिता बेनजानी और माध्यमिक संवर्ग की राज्य महिला उपाध्यक्ष कविता भी उपस्थित रही। चारों संभाग संयोजक बहने, विभाग संयोजक बहने, जिला और तहसील की उपाध्यक्ष और मंत्री बहने और हमारी शिक्षिका बहने भी उपस्थित रहीं। अंत में सौराष्ट्र के कच्छ संभाग की संभाग संयोजक तृप्ति ने सभी का आभार प्रदर्शित किया।
