उदयपुर।स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी जोशी ने कहा कि समाज राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय से बहुत अपेक्षाएं रखता है।यदि देश मे आजादी दिलवाने में योगदान देने वाले गुमनाम शहीदों के नामो व जीवनियों को पाठ्यक्रम में जुड़वाना है तथा देश मे सांस्कृतिक परिवर्तन लाना है तो इस कार्य को राजस्थान का एकमात्र राष्ट्रीय शिक्षक संघ का कार्यकर्ता ही कर सकता है।
जोशी ने कहा कि देश के स्वाधीनता संग्राम में अपने आपको आहूत करने वाले पूज्य बापू व महान शहीद ,देश को नेतृत्व देने वाली सभी महान विभूतियों के चरणों में आदरपूर्वक कोटि-कोटि वंदन करने, उन सभी वीर जवानों, जिन्होंने आज़ादी के बाद भी राष्ट्ररक्षा की परंपरा को जीवित रखा, देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए, शहीद हो गए। जिन पुण्य आत्माओं ने आज़ाद भारत के पुनर्निर्माण में प्रगति की एक-एक ईंट रखी, 75 वर्ष में देश को यहां तक लाए, उन सभी के चरणों में नमन करने हम सभी को इस महोत्सव को सम्पूर्ण राष्ट्र में हर्षोउल्लास से मनाना चाहिए। जब हम ग़ुलामी के उस दौर की कल्पना करते हैं, जहां करोड़ों-करोड़ लोगों ने सदियों तक आज़ादी की एक सुबह का इंतज़ार किया, तब ये अहसास ओर बढ़ता है कि आज़ादी के 75 साल का अवसर कितना ऐतिहासिक व गौरवशाली है। इस पर्व में शाश्वत भारत की परंपरा, स्वाधीनता संग्राम की परछाई और आज़ाद भारत की गौरवान्वित करने वाली प्रगति भी है।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र संगठन मंत्री, शिवप्रसाद ने कहा कि दांडी यात्रा की वर्षगांठ पर बापू की इस कर्मस्थली पर आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2022 से 75 सप्ताह पूर्व 15 मार्च 2021 से प्रारंभ हुआ जो 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। शिवप्रसाद ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम की पराकाष्ठा को प्रणाम करने वाली अंडमान की सेल्यूलर जेल, अरुणाचल प्रदेश से ‘एंग्लो-इंडियन वार’ की गवाह केकर मोनिन्ग की भूमि, मुंबई का अगस्त क्रांति मैदान, पंजाब का जालियाँवाला बाग, उत्तर प्रदेश का मेरठ, काकोरी और झाँसी, देशभर में ऐसे कितने ही स्थानों पर एक साथ इस अमृत महोत्सव का श्रीगणेश हुआ। ऐसा लगा जैसे आज़ादी के असंख्य संघर्ष,बलिदानों तथा तपस्याओं की ऊर्जा पूरे भारत में एक साथ पुनर्जागृत हो चुकी हो। कई गुमनाम महापुरुषों जिन्होंने देश को गुलामी से मुक्त करवाने के लिए अहिंसात्मक व क्रांतिकारी कदम उठाए उनके सामूहिक संघर्ष से हमे स्वतंत्रता प्राप्त हुई है।उन स्वतंत्रता सेनानियों, गुमनाम शहीदो को याद करने तथा उनसे संबंधित जीवनियों को पाठ्यक्रम में जुड़वाने के प्रयास करने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) के प्रदेश महामंत्री अरविंद व्यास ने बताया कि मध्यावधि अवकाश हो या प्रधानाध्यापक अवकाश अथवा शिक्षक हित की कोई अन्य वाजिब मांग हो, संगठन ने शिक्षक व छात्रहित की सभी मांगो का समाधान सरकार व विभाग से करवाया है ।यह सभी संगठन के शिक्षको व कार्यकर्ताओं की एकजुटता की शक्ति से ही संभव हो सका है।वेतन विसंगतियों पर सरकार द्वारा गठित कमेटी से वार्ता कर शिक्षको के प्रत्येक संवर्ग की वेतन विसंगतियों के दूर करने हेतु संगठन ने अपना पक्ष प्रबलता से रखा है। कुछ मांगो पर बहुत जल्द हल निकालने की संभावना भी है।
व्यास कहा कि हम कभी यह नही बोलते कि”चाहे जो मजबूरी हो, हमारी मांगे पूरी करो।”हम सदैव यह कहते है कि “राष्ट्रहित में करेंगे काम ,काम के लेंगे पूरे दाम।” संगठन कर्तव्य बोध पखवाड़ा, अभ्यास वर्ग,गोष्ठियां,जयन्तिया व उत्सव मनाकर अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्य की बात करता आया है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित की भावना से ओतप्रोत है। इस नाते हम सभी का कर्तव्य व जिम्मेदारी भी है कि समाज हमसे जो अपेक्षा रखता है, उसे पूरा करने में तत्पर रहे।
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सम्पतसिंह ने कहा कि किसी राष्ट्र का गौरव तभी जाग्रत रहता है, जब वो अपने स्वाभिमान और बलिदान की परम्पराओं को अगली पीढ़ी को भी सिखाता है, संस्कारित करता है, उन्हें इसके लिए निरंतर प्रेरित करता है। किसी राष्ट्र का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है जब वो अपने अतीत के अनुभवों और विरासत के गर्व से पल-पल जुड़ा रहता है। फिर भारत के पास तो गर्व करने के लिए अथाह भंडार है, समृद्ध इतिहास है, चेतनामय सांस्कृतिक विरासत है। इसलिए आज़ादी के 75 साल का ये अवसर एक अमृत की तरह वर्तमान पीढ़ी को प्राप्त होगा। एक ऐसा अमृत जो हमें प्रतिपल देश के लिए जीने, देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करेगा। हमें भी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने होंगे। हमे अपने कर्तव्य का भली भांति निर्वहन करना होगा।
अतिथियों का स्वागत प्रदेश उपाध्यक्ष अभयसिंह राठौड़ ने, आभार संगठन की अनुशासन समिति के संयोजक सुंदरलाल जैन ने तथा संचालन संगठन के प्रदेश सचिव रमेश पुष्करणा ने किया । इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मा. शि. ऋषिन चोबिसा, महिला उपाध्यक्ष सुषमा विश्नोई, उपाध्यक्ष अजमेर संभाग भंवर सिंह, प्रदेश सह संगठन मंत्री महावीर वर्मा, मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक आशीष त्रिवेदी, राजकमल लोहार, जय माला पानेरी, उदयपुर जिलाध्यक्ष भेरूलाल तेली, जिला मंत्री चन्दन मल बागडी ,प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ के सदस्य पारस जैन, संभाग सचिव जसवंत सिंह व संभाग संगठन मंत्री देवी लाल पाटीदार सहित अजमेर, कोटा. व उदयपुर संभाग के शिक्षक उपस्थित रहे ।
